करंट की चपेट में आने से मजदूर की मौत

संतनगर थाना क्षेत्र के शीतलगढ़ गांव में सोमवार की रात जन्मदिन कार्यक्रम में लगे टेंट को मंगलवार की सुबह उतारने के दौरान मजदूर करंट की चपेट में आ गया। उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मजदूर के पिता ने टेंट मालिक समेत सात लोगों के खिलाफ करंट लगाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। तहरीर मिलने पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
संतनगर थाना क्षेत्र के शीतलगढ़ गांव निवासी दिनेश पटेल के घर सोमवार की रात जन्मदिन कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में शेरुआ गांव निवासी सत्य नरायन (30) पुत्र बुद्धन टेंट लगाने गए थे। देर रात कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मंगलवार को सुबह वे टेंट उतार रहे थे। इसके पहले बिजली के तार को निकालने के लिए पोल पर चढ़े थे। तार खिंचते ही सत्य नरायन के शरीर में चिपक गया। जिसके बाद सत्यनरायन झुलस कर नीचे गिर गए।
स्थानीय लोगों के सहयोग से उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान ले जाया गया। जहां देखते ही डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। तब तक सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। मौत की खबर सुनते ही परिजन आक्रोशित हो गए। हंगामा करते हुए परिजनों ने कार्रवाई की मांग की। मृतक के पिता ने टेंट मालिक समेत सात लोगों के खिलाफ करंट लगाकर मारने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी। तहरीर में उन्होंने मांग की मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच में जुटी है। सत्य नरायन तीन भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। टेंट हाउस में मजदूरी करते थे। उनसे तीन पुत्र और एक पुत्री हैं। मड़िहान थानाध्यक्ष शैलेश राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

0/Post a Comment/Comments

Stay Conneted

Stay Here