श्रावण मास के दूसरे सोमवार को क्षेत्र के बदेवरा चौबे गांव स्थित बाबा बदेवरानाथ धाम में एक लाख से भी अधिक श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ का जलाभिषेक कर स्वयं को कृतार्थ किया। भोर से ही भक्तों की भीड़ उमड़ रही थी। हर-हर, बम-बम के जयघोष से मंदिर परिसर गुंजायमान रहा।
कलश में गंगा जल भरकर पदयात्रा करते बाबा के दरबार में जलाभिषेक करने वालों का उत्साह देखते ही बन रहा था। मंगल गीत गाती महिलाएं व पार करेंगे औघड़ दानी हर-हर महादेव का जयकारा लगाते कांवड़िए मंदिर की ओर बढ़ते चले जा रहे थे। पुजारी महेंद्र गिरी ने बताया कि बदेवरानाथ धाम में हवनकुंड की भभूत व कुंड के जल ग्रहण से गठिया बतास जैसे असाध्य रोगों से सदैव के लिए मुक्ति मिल जाती है। वहीं हरगढ़ गांव में पश्चिम वाहिनी गंगा के तट पर स्थित विमलेश्वर महादेव मंदिर, गौरा गांव में हरिकीश्वर महादेव मंदिर में भी जलाभिषेक करने वाले भक्तों का तांता लगा रहा।
एक टिप्पणी भेजें